घर में बिछावन पर पड़ा सुमन का शव।

रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 11 अगस्त 2021 : हाजीपुर। हाजीपुर शहर के मेदिनीमल मोहल्ले में एक शख्स की घर में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक का शव घर के अंदर से बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद नगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और तहकीकात शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की पहचान करने में जुटी है फिलहाल पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं लग सका हैं। दूसरी ओर घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की पहचान सुमन सिंह के रूप में हुई है और बताया जाता है कि सुमन सिंह कई दिनों से अपने घर में अकेला ही रह रहा था।सुमन की हत्या का पता तब चला जब उसका पड़ोसी युवक खाना देने के लिए सुमन के घर पहुंचा। उसने सुमन को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ राघव दयाल भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ राघव दयाल ने घटना के कारणों के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया। पुलिस मृतक के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।पुलिस का कहना है कि मृतक के बड़े भाई संतोष सिंह की भी गोली मारकर हत्या की गई थी। ऐसे में पुलिस मृतक के परिजनों से बात करने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कर रही है। हालांकि पुलिस का दावा है कि जो लोग भी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनकी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network