तीन करोड़ का घर और बिहार में कई जगह जमीन का है मालिक

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 21 फरवरी 2022 : पटना।  विशेष निगरानी इकाई ने आज राजगीर में पदस्थापित बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह के  ठिकानों पर छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति जमा करने के मामले में राजगीर और देवघर में तलाशी हुई।विशेष निगरानी इकाई ने कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार सिंह पर आय से 90 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज किया था। इसके बाद कोर्ट से सर्च वारंट लेकर तलाशी ली गई। तलाशी में उनकी संपत्ति आय से करीब 03 गुना अधिक पाई गई। अभियुक्त के खिलाफ राजगीर और देवघर में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान अभी तक विभिन्न बैंकों के 25 से अधिक खाता के साथ चल एवं अचल संपत्ति खरीदने के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावे 15 लाख रुपए से अधिक के सोना एवं चांदी के आभूषण की बरामदगी हुई है। देवघर में बहुत बड़े परिसर में 21 कमरों का सुसज्जित 02 तीन मंजिला मकान इंटरकनेक्टेड है , जिसकी कीमत 3 करोड आंकी गई है।पटना और लखीसराय में जमीन के 07 – 08 दस्तावेज मिले हैं , जिसकी कीमत 15 लाख है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभियंता के पास 30 लाख रुपए विभिन्न बैंकों में जमा होने के प्रमाण और फिक्स डिपाजिट भी हैं। जो कागजात मिले हैं उसमें प्राथमिकी में लगाए गए आरोप की पुष्टि हुई है। यह भी पता चला है कि उनके द्वारा अर्जित की गई संपत्ति कई गुना ज्यादा है । आगे की जांच में राशि में और वृद्धि होने की संभावना है।अभियंता ने 01 महीने पहले ही अपनी लड़की का विवाह किया था , जिसमें लाखों रुपए खर्च करने की चर्चा है। इस बिंदु पर आगे जांच की जाएगी। विस्तृत पूछताछ के लिए अभियंता को बुलाया जा सकता है। विशेष निगरानी इकाई ने बताया कि छापेमारी की सूचना मिलते ही वे फरार हो गए तथा मोबाइल बंद कर लिया है। कार्यपालक अभियंता की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फरार होने की स्थिति में कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network