शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर साफ सफाई का दिया सख्त निर्देश

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 05 मार्च 2022 : सासाराम। बीते कई दिनों से शहर में फैली गंदगी, जलजमाव एवं कुव्यवस्था से शहरवासियों को निजात दिलाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त सह नगर निगम आयुक्त शेखर आनंद ने शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बौलिया रोड, खिलनगंज, धर्मशाला रोड, चौखंडी पथ सहित कई इलाकों का भ्रमण कर नगर निगम के अधिकारियों को जल निकासी एवं साफसफाई हेतु कई दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के सभी इलाकों में कचरा उठाव एवं नाला उड़ाही नियमित रूप से सुनिश्चित करें तथा जलजमाव वाले मोहल्लों में तत्काल निकासी कराते हुए शाम तक रिपोर्ट करें। अन्यथा इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई थी। नगर निगम आयुक्त की पहल पर सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्ति के साथ हीं नगर की सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने हेतु डीडीसी ने निगम के पदाधिकारियों की उपस्थिति में शहर का भ्रमण किया तथा सफाई में लगाए गए एनजीओ को सख्त निर्देश दिए। मौके पर उप नगर निगम आयुक्त मैमून निशा, सिटी मैनेजर अमित कुमार सहित एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network