रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : करगहर (रोहतास)। पीएचसी करगहर में शुक्रवार को बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। हंगामा के डर से एनजीओ के डॉक्टर अपने एंबुलेंस से शव लेकर सासाराम सदर अस्पताल ले भागे। मृतका 30 वर्षीय पुष्पा देवी प्रखंड क्षेत्र के शहर मेंदनी निवासी उपेंद्र राम की पत्नी बताई जाती है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि प्रति सप्ताह के अनुसार शुक्रवार को बंध्याकरण के लिए कुल 37 महिलाएं उपस्थित थी। एक महिला का सफल ऑपरेशन हुआ एवं वह बिल्कुल स्वस्थ है। दूसरी महिला शहर मेंदनी निवासी उपेंद्र राम की 35 वर्षीया पत्नी पुष्पा देवी का ऑपरेशन होने के बाद उनकी हालत खराब हो गई। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन एफआरएचएस संस्था के डॉक्टर श्रीकांत द्वारा ऑपरेशन किया गया। अस्पताल के डॉक्टर को बिना सूचना दिए ही एनजीओ के डॉक्टर अपने एंबुलेंस से मृतका को लेकर सासाराम ले भागे। ले जाने के दौरान डॉक्टरों ने जब स्थिति पूछी तो एनजीओ के डॉक्टर ने बताया कि इसकी हालत काफी खराब है जिसे मैं सासाराम लेकर जा रहा हूं।महिला की मौत की सूचना मिलते ही अन्य 35 महिलाएं भय से घर भाग खड़ी हो गई। शव को सासाराम सदर अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल सर्जन डॉक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद सरकारी प्रावधान के अनुसार उसे मुआवजा दी जाएगी। घटना की खबर मिलते ही उसके गांव के लोग पहुंच गए। मुखिया प्रतिनिधि मुस्ताक अंसारी एवं पूर्व उप प्रमुख भुलवासो पांडेय ने उनके परिजनों को सांत्वना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network