मीठापुर के कबीर-साईं आश्रम में बनेगा सिख के सभी 10 गुरुओं का दरबार हाल

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 10 नवम्बर 2022 : पटना । कबीरपंथी आश्रम मीठापुर के कबीर साईं मन्दिर प्राँगण में गुरूवारीय सत्संग गुरु नानकदेव जी महाराज के 554 वीं जयन्ती प्रकाश उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पधारे विश्व प्रसिद्ध जत्थेदार ज्ञानी रणजीत सिंह गौहर-के-मस्कीन ने अरदास किया। सत्संग करते हुए उन्होंने कबीरपंथी आश्रम में गुरुनानक देव जी महाराज के प्रकाश उत्सव का आयोजन  करने के लिए महंथ ब्रजेश मुनि को साधुवाद दिया।उन्होंने भरोसा दिया कि मीठापुर के कबीर-साईं आश्रम में सिख के सभी 10 गुरुओं की स्मृति संजोये भव्य दरबार हाल बनेगा। यह पटना आनेवाले सिख श्रद्धालुओं का दर्शनीय केंद्र के रूप में विकसित होगा। 

उन्होंने कहा सदगुरु नानक देव और कबीर के संदेश एक जैसे ही हैं। दोनों एक ही सिक्का के दो पहलु हैं। अपनी वाणी के साथ गुरुग्रंथ साहिब में विराजमान हैं। यहां 554 वें प्रकाश पर्व के आयोजन से  गुरु नानक देव और सद्गुरु कबीर साहिब ने प्रेम,सौहार्द एवं सत्य का जो संदेश दिया उसका प्रसार होगा।

 सत्संग करते हुए योग विशेषज्ञ  हृदय नारायण झा ने कहा गुरुनानक देव जी महाराज ने इहलोक और परलोक को सुखी बनाने के लिए सदविचार, संतोष और सत्य के रूप में तीन नीति का संदेश दिया जो गुरु ग्रंथसाहिब में नीतित्रय के नाम से है। इसे आत्मसात करने के लिये गुरुनानक देव जी ने वाणी का प्रकाश करते हुए कहा – माता मति पिता संतोख, सत भाई का एह बिशोख।

 महंथ ब्रजेश मुनि ने कहा मानवजीवन की सार्थकता परमारथ में है। सद्गुरु कबीर साहेब और  गुरु नानक देव जी महाराज ने स्वयं परमारथ करते हुए देवत्व जो प्राप्त किया और संसार के लोगों को भी परमार्थ के लिए प्रेरित किया।

    डॉ0 धर्मेंद्र ने कहा कि हर्ष का विषय है कि राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं गुरुनानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के प्रति उदार हैं और उनकी इस उदारता से  विश्व सिक्ख पंथ में गौरवान्वित हो रहा बिहार।

     बिहार धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य एवं जदयू के सचेतक  रत्नेश सादा ने कहा वर्तमान में सद्गुरु कबीर और गुरुनानक देव की वाणी का प्रकाश परस्पर सद्भाव, सेवा और मैत्री भाव से जन जन को जोड़ने में कारगर है। इसलिए प्रकाश उत्सव का यह आयोजन सराहनीय है।

       वरीय पत्रकार अरुण कुमार पाण्डेय ने मंच संचालन किया। उन्होंने कहा कि कबीर मठ फतुहा से भी गुरु नानक देव का संबंध जुड़ा रहा है। वहां गुरूद्वारा और अतिथिशाला निर्माण होने पर तख्त हरमंदिर से राजगीर जाने-जाने वाले सिख श्रद्धालुओं का प्रयटन केंद्र बनेगा।

कबीरमठ में गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व आयोजित होने से सद्भाव और सौहार्द को बल मिलेगा। समारोह में पत्रकार दयाशंकर तिवारी और नागाबाबा ठाकुरवारी न्यास समिति के कोषाध्यक्ष रतन अग्रवाल सहित अन्य कई प्रमुख समाजसेवी उपस्थित थे।

      आरम्भ में आगत अतिथियों का स्वागत संत विवेक मुनि ने किया।

इस अवसर पर कबीरपंथ एवं सिक्ख पंथ के  श्रद्धालु सहित साईं भक्त श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ इंद्रजीत ने किया। 

सत्संग पश्चात भण्डारा का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network