आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 06 जून 2022 : मुंबई । महाराष्ट्र में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी चपेट में अब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आ गए हैं। फडणवीस का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। फडणवीस ने इस बारे में खुद ही ट्वीट कर जानकारी दी है।
देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर लिखा है “मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है और होम आइसोलेशन में हूं। डॉक्टरों की सलाह पर दवाएं और उपचार ले रहा हूं। जो भी लोग मेरे संपर्क में आएं हैं उन्हें सलाह है कि वे अपना कोविट टेस्ट करा लें। सभी अपना ख्याल रखें।” देश में कोरोना का असर एक बार फिर से बढ़ रहा है। महाराष्ट्र में इसके मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं।शनिवार को राज्य में 1357 नए मामले सामने आए थे। जो 20 फरवरी के बाद 24 घंटे में सबसे ज्यादा है।
महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ते कोरोना केस की संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने रविवार को आदेश जारी कर लोगों से सभी सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहने को कहा है। हालांकि खुले स्थान पर इसमें छूट दी गई है।
राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर जिलों के अधिकारियों से चिंता जताई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ प्रताप व्यास ने सभी जिलों के प्रशासन को लिखे पत्र में विभिन्न आदेश दिए हैं जिनमें सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना सुनिश्चित करना भी है। आदेश में कहा गया है कि बंद सार्वजनिक स्थानों जैसे ट्रेन, बस, सिनेमा, ऑडिटोरियम, ऑफिस, अस्पताल, कॉलेज और स्कूल में मास्क अनिवार्य किया जाए।