आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 08 अप्रैल 2022 : दाउदपुर : दाउदपुर थाना क्षेत्र के मदनसाठ गांव के बघाकोल चंवर में ईंट भट्ठा के पूरब मिट्टी काटने से बने गड्ढे में चाकू से गोद-गोदकर व शरीर पर तेजाब गिराकर एक 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या कर दी गई। अपराधियों चाकू से किशोर की दोनों आंखे भी फोड़ दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह कुछ स्थानीय ग्रामीण खेत में पक कर तैयार गेंहू काटने के लिए चंवर के रास्ते से जा रहे थे। तभी लोगों ने गड्ढे में पड़े युवक के शव को देखा। जिसके शरीर पर गर्दन,पेट,पीठ व आंख पर चाकू के जख्म के निशान थे। तेजाब पड़ने के कारण अधिकांश हिस्सा काला पड़ गया था। जिसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया। देखते हीं देखते किशोर की निर्मम हत्या की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। उसके बाद शव को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना-स्थल पर जुट गए। इस बीच स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना दाउदपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम को दी। सूचना मिलते हीं दाउदपुर थानाध्यक्ष बिरेन्द्र राम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और बारीकी से घटना-स्थल का मुआयना किया। इस बीच विधि-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर मांझी, रसुलपुर व एकमा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद दाउदपुर पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर थाना पहुंची। जहां युवक की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के समहौता गांव निवासी भूषण सिंह के पुत्र आयुष कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पहुंच कर मृतक की पहचान की। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मृतक के गांव समहौता से मदनसाठ गांव स्थित घटना-स्थल की दूरी करीब 15 किलोमीटर बताया जाता है। प्रथम दृष्टि में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में हाहाकार मच गया है। माँ रूबी देवी व बड़ी बहन अनन्या सिंह समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network