शहर के पकड़ी-सर्किट हाउस रोड में बुधवार की दोपहर में हुई वारदात |

दो गुटों की पुरानी अदावत में दिनदहाडे़ वारदात को दिया गया अंजाम |

बूटन के भतीजे को मारी गयी पांच गोलियां, आरा में इलाज के बाद एक पटना रेफर

छानबीन में जुटी पुलिस को घटनास्थल से मिली दो जिन्दा कारतूस और चार खोखे

एसपी बोले: गैंग की दुश्मनी की सामने आ रही बात, तफ्तीश में जुटी पुलिस

रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 24 मार्च 2021 : आरा। आरा शहर में बुधवार को दिनदहाडे़ फिल्मी स्टाइल में कुख्यात बूटन चौधरी के भतीजे सहित दो लोगों को गोली मार दी गयी। बूटन चौधरी के भतीजे दीपू चौधरी को पांच गोली मारी गयी है। जबकि उसके दोस्त अजय चौधरी को हाथ में एक गोली लगी है। दोनों को कुछ दूर तक खदेड़कर गोली मारी गयी है। इनमें दीपू चौधरी की हालत काफी नाजुक बनी है। आरा में प्राथमिक उपचार के बाद दीपू को पटना रेफर कर दिया गया है। वारदात नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक और सर्किट हाउस के बीच हुई। दोनों घायल जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव के रहने वाले हैं। इधर, दिनदहाडे़ ताबड़तोड़ फायरिंग और दो युवकों को गोली मारे जाने की घटना से शहर में सनसनी मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गयी। इस दौरान पुलिस को घटनास्थल से दो गोली और चार खोखे भी मिले हैं। घटना का कारण दो गुटों की पुरानी अदावत बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि बूटन चौधरी की बुधवार को हत्या के एक मामले में कोर्ट में पेशी थी। दीपू चौधरी उनसे मिलने कोर्ट गया था। दोपहर में वह दोस्त अजय के साथ बाइक से लौट रहा था। तभी पकड़ी चौक के पास दोनों पर हमला कर दिया गया। इस दौरान दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग की गयी। इसमें पहले अजय को गोली लगी। उसके बाद खदेड़ कर दीपू को गोली मार दी गयी। सूचना मिलने पर थाना इंचार्ज संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये और अपराधियों की पहचान शुरू कर दी गयी। इसके डीआईयू टीम के अवधेश कुमार, नवादा थाना के अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी खंगाल रही हैं।

बोले एसपी: गैंग की दुश्मनी, मामले की हो रही छानबीन

एसपी हर किशोर राय ने बताया कि छानबीन की जा रही है। शुरुआती जांच में गैंग की दुश्मनी की बात सामने आ रही है। घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और धरपकड़ के लिये छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की संख्या दो है। दोनों की पहचान कर ली गई है।

नाली में गिरने के बाद दीपू को दाग दी ताबड़तोड़ पांच गोलियां

जेल में बंद कुख्यात बूटन के भतीजे दीपू चौधरी को नाले में गिरने के बाद गोली मार दी गयी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दीपू चौधरी और अजय चौधरी रमना-रोड में पकड़ी चौक के पास फल खरीद रहे थे। तभी दोनों पर हमला कर दिया गया। इस दौरान दोनों पर फायरिंग की जाने लगी। इसमें अजय के हाथ में गोली लग गयी। तब उसने भाग कर किसी तरह जान बचायी। वहीं फायरिंग होते ही दीपू चौधरी भी बाइक छोड़ भागने लगा। इस पर हमलावरों ने उसे खदेड़ना शुरू कर दिया। इस क्रम में वह पकडी-सर्किट हाउस रोड में एक नाले में जा गिरा। उसके बाद बदमाशों ने उसे ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दी। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर और गर्दन में कंठ के पास गोली लगी है। अजय चौधरी को बायें हाथ में केहुनी के पास गोली लगी है। गंभीर हालत में दीपू चौधरी को इलाज के लिये शहर के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट, जबकि अजय चौधरी को सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद दीपू को पटना रेफर कर दिया गया।

हरिकीर्तन के लिये खरीद रहे थे फल, तभी चलने लगी गोलियां

शहर में गोलीबारी में जख्मी अजय चौधरी ने बताया कि गांव में गुरुवार को हरिकीर्तन का आयोजन किया गया था। उसे लेकर बुधवार को अपने दोस्त जख्मी दीपू चौधरी के साथ बाइक से फल खरीदने आरा आया था। इसी बीच जब वह सर्किट हाउस के समीप फल के दुकान पर फल खरीद रहा था। तभी अचानक दो हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके और ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network