गृहस्वामी झुलसकर घायल , हजारों रुपए की संपति जलकर स्वाहा

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 06 मई 2023 : शेखपुरा। शनिवार की देर शाम नगर परिषद क्षेत्र शेखपुरा के मेहूस मोड स्थित एक मकान में खाना पकाने के दौरान किचेन में हुई रसोई गैस रिसाव के कारण घर में लगी आग से हजारों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। जबकि किचेन से रसोई गैस सिलेंडर बाहर करने के दौरान गृहस्वामी झुलसकर घायल हो गया। इस घटना के बाद मुहल्ले में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन केंद्र शेखपुरा से दो दमकल दस्ता घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में सफलता अर्जित की।हालांकि स्थानीय लोगों के प्रयास से दमकल दस्ता के पहुंचने के पहले आग पर लगभग काबू पाया जा चुका था।


अग्निशमन केंद्र के प्रभारी तेजन राम ने बताया कि यह घटना मेहूस मोड निवासी दामोदर मिस्त्री के पुत्र दिलीप कुमार के घर घटी। उन्होंने बताया कि आज ही गृहस्वामी रसोई गैस गोदाम से नया गैस सिलेंडर लेकर किचेन में लगाया था। खाना बनाने के लिए गैस जलाते ही गैस रिसाव के कारण आग की लपट पूरे किचेन को अपने चपेट में ले लिया। गृहस्वामी द्वारा शोर मचाए जाने जे बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। किचेन से जलते गैस सिलेंडर को बाहर करने के दौरान 38 वर्षीय गृहस्वामी दिलीप कुमार बुरी तरह झुलसकर घायल हो गए। जिन्हे इलाज हेतु सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया।सूत्रों ने बताया कि गृहस्वामी की पत्नी शहर के जमालपुर मुहल्ले में ब्यूटी पार्लर चलाती है।इस घटना में 50 हजार रुपए से अधिक की संपत्ति के जलकर बर्बाद होने का अनुमान लगाया गया है। आस पड़ोस के लोगों के सार्थक प्रयास के कारण बड़ी घटना घटना घटने से टल गई ।
