आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 29 अक्टूबर 2022 : नोखा। लोक आस्था के महापर्व छठ को ले नोखा बाजार गुलजार हो गये हैं। बाजार में व्रत की सामग्रियों की दुकानों की भरमार हो गई है। चार दिवसीय महापर्व शुक्रवार से नहाय-खाय के संकल्प के साथ शुरू हो गया है। महापर्व को ले नोखा शहर में चहल-पहल दिखने लगी है। पर्व की तैयारियों को ले खरीददारी होने लगी है।जिससे बाजार में रौनक देखी जा रही है। व्रती खरना की तैयारी में हैं। शहर के काली का गेट रोड, सदर बाजार रोड़, दीनदयाल चौक, पोस्टऑफिस रोड़,तक छठ के बाजार सज गए हैं। वही बराव व धर्मपुरा, मेयारी बाजार में भी छठ व्रत सामग्री की दुकानें लगी है। सबसे ज्यादा खरीदार नोखा बाजार में पहुंच रहे हैं। शनिवार को शहर के मुख्य बाजार रोड में दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। कोशी, पीतल व बांस के सूप, दउरा, साड़ी, ईख, नारियल, फल सहित पूजा सामग्री की खरीदारी तेज हो गयी है। साड़ी की दुकानों में रौनक आ गयी है। चूड़ी, बिंदिया व साज-सज्जा की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है। बाजारों व मंडियों में छठ की रौनक देखते बन रही है। जिन घरों में छठ होना है, वहां तैयारी शुरू हो चुकी है। छठ पूजा के लिए लोग छोटी से छोटी चीजें जुटाने में लगे हैं।