रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 11 अक्टूबर 2021 : सासाराम। नवरात्रि के शुभ अवसर पर पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। जिसको लेकर दंडाधिकारियों की नियुक्ति सहित प्रशासनिक स्तर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस संदर्भ में पूछे जाने पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 697 जगहों को चिन्हित किया गया है जहां पर्याप्त पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी नियुक्त रहेंगे तथा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीसीएलआर, थानाध्यक्ष एवं सभी अनुमंडलाधिकारी अपने अपने क्षेत्र की मॉनिटरिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का कमान संभालेंगे। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के मौके पर जगह-जगह होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जागरण एवं डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। लिहाजा विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी तथा दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वाले लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं भीड़भाड़ वाले जगहों एवं संवेदनशील इलाकों में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। डीएम ने बताया कि दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए 12 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय कक्ष में जिले वासियों की सुविधा हेतु कंट्रोल रूम दूरभाष संख्या- 06184-228729 बनाए गए हैं। जहां जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में वरीय उप समाहर्ता चेतनारायण राय एवं पुलिस पदाधिकारी के रूप में पुलिस उपाधीक्षक सरोज कुमार साह की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस दौरान डीएम ने जिलेवासियों से शांतिपूर्ण माहौल में हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network