रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 29 नवम्बर 2021 : सासाराम। बीते दिनों निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा सासाराम नगर आयुक्त सह जिला भू अर्जन पदाधिकारी पर की गई कार्रवाई के मद्देनजर जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने राजेश कुमार गुप्ता से नगर निगम आयुक्त का प्रभार वापस लेते हुए उप विकास आयुक्त शेखर आनंद को नगर निगम आयुक्त के लिए प्राधिकृत किया है। नगर निगम आयुक्त के काले कारनामे उजागर होने के बाद जिला प्रशासन की हो रही फजीहत को देखते हुए हीं डीएम ने यह ठोस कदम उठाया है तथा अब कार्यहित में भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी उप विकास आयुक्त शेखर आनंद नगर निगम का संपूर्ण कार्यभार संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि पुरानी जीटी रोड चौड़ीकरण, डैनेज निर्माण, नगर सौंदर्यीकरण सहित कई विकास योजनाएं शहर में संचालित है। जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन का यह कदम काफी सराहनीय है ताकि शहर के विकास कार्यों में प्रशासनिक स्तर पर किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो सके। वहीं भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी को नगर निगम का आयुक्त बनाए जाने पर शहरवासियों में भी खुशी का माहौल है तथा शहर की समस्याओं एवं सौंदर्यीकरण को लेकर लोगों को एक उम्मीद की किरण नजर आ रही है। बताते चलें कि शहर की विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार का खेल लंबे अरसे से चला रहा है तथा नगर निगम की करतूतों एवं घूसखोरी से शहरवासी पूरी तरह त्रस्त थे। इसलिए नगर निगम का कार्यभार एक आईएएस अधिकारी के हाथ में आने पर शहरवासी यह मानकर चल रहे हैं कि जल्द ही उन्हें शहर के विकास को तीव्र गति के साथ-साथ भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मियों से भी निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network