- गजराजगंज ओपी के छोटी सासाराम के पास की घटना
- कारीसाथ से बिहिया जाने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
- घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं, मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
- शहर बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
आरा। आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर गजराजगंज ओपी क्षेत्र के छोटी सासाराम गांव के पास बुधवार की शाम बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के दाहिने जांघ में लगी है, जो अंदर फंसी है। उसका इलाज शहर के बाबू बाजार स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी युवक मूल रूप से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कारीसाथ गांव निवासी मो. असलम का 23 वर्षीय पुत्र मो. सोनू उर्फ आरिफ है। फिलहाल उसके माता-पिता बिहिया में रहते हैं। उसके पिता की बिहिया के पोखरा रोड में मेडिकल की दुकान हैं। कारीसाथ गांव में उसका आटा मिल भी है। बदमाशों की संख्या दो बतायी जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। गोली मारे जाने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, जख्मी युवक के अनुसार बुधवार की दोपहर वह अपने गांव आया था। शाम को वह बाइक से बिहिया लौट रहा था। इसी क्रम में छोटी सासाराम के समीप पीछे से बाइक सवार दो की संख्या में बदमाश पहुंचे और तेज बाइक चलाने का आरोप लगाते हुये गोली मार दी। जख्मी के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की। पहली गोली नहीं लगने पर दूसरी गोली जांघ में मार दी। उसके बाद दोनों भाग निकले। बाद में युवक को इलाज के लिए आरा के बाबू बाजार स्थित डॉक्टर विकास सिंह के क्लिनिक में लाया गया है। इधर, गजराजगंज ने युवक को गोली लगने की पुष्टि की है। लेकिन घटनास्थल को लेकर पुलिस में संशय बना है। बहरहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल कर रही है।