आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 31 जनवरी 2024 : पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को साफ किया कि इंडिया गठबंधन में मेरे कहने पर कोई काम नहीं हो रहा था, नाम पर भी मेरी सहमति नहीं थी। उन्होंने यहां तक कहा कि आज तक उस गठबंधन में सीटों को लेकर फैसला नहीं हो पाया। कौन कहां से चुनाव लड़ेगा, इन सब पर कोई चर्चा नहीं हुई, तब हमने गठबंधन छोड़ने का फैसला लिया। पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास के लिए रात-दिन काम कर रहे हैं। एनडीए की सरकार बनने के बाद नीतीश ने कहा कि 10 फरवरी को सदन में राज्यपाल का अभिभाषण होगा और उसी दिन बहुमत सिद्ध किया जाएगा। इसके बाद 12 फरवरी से बजट सत्र चलेगा।

https://youtu.be/wbm9rlA22ms?si=wFNs1lqGkwG7RV9Y

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ईडी का शिकंजा कसने के पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन पर चार्जेज तो बहुत दिन पहले से है, इस पर जांच स्वाभाविक है। नीतीश ने कहा कि हमने बहाली का काम भी किया है। यह सब सात निश्चय 2 में हुआ है। पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के 17 महीने की सरकार उनके 17 साल की सरकार पर भारी के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब बेकार की बातें हैं। पहले कितने लोगों को रोजगार मिलता था ? पहले पढ़ाई का स्तर क्या था ? वर्ष 2005 से पहले के हालात को आपलोग भूल गए।

उन्होंने आगे कहा कि इन लोगों का राज जब था तो क्या होता था, शाम के वक्त घर से कोई निकलता था ? पहले यहां कोई विकास कार्य नहीं होता था। जब हम आए तभी अच्छे और बड़े भवनों का निर्माण कार्य शुरू करवाया। कुछ लोगों को केवल पब्लिसिटी चाहिए। पहले कहीं कोई बहाली होती थी। नीतीश ने कहा कि जिनके साथ हम पहले थे, अब फिर से वहां आ गए हैं। अब सब दिन हम इधर ही रहेंगे। हम केवल विकास के काम में लगे रहते हैं और आगे भी लगे रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network