आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 31 जनवरी 2024 : इंडिया गठबंधन की सदस्य समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में कुल 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। इनमें सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, परिवार के सदस्य धर्मेंद्र यादव और अक्षय यादव के नाम भी शामिल हैं। सपा के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर डाली गई सूची के मुताबिक मैनपुरी से सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और मौजूदा सांसद डिंपल यादव और लखनऊ सीट से सपा के मौजूदा विधायक रविदास मेहरोत्रा को उम्मीदवार बनाया गया है। इनके अलावा धर्मेंद्र यादव को बदायूं से और अक्षय यादव को फिरोज़ाबाद सीट से पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है।

https://youtu.be/wbm9rlA22ms?si=wFNs1lqGkwG7RV9Y

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। समझा जा रहा है कि गठबंधन के तहत सपा कुल 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सपा ने 11 सीटें कांग्रेस और सात सीटें राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) को दी हैं। पिछले दिनों अखिलेश यादव ने इस बाबत घोषणा भी की थी कि कांग्रेस से समझौता हो गया है और गठबंधन के तहत कांग्रेस को 11 सीटें दी गई हैं। हालांकि कांग्रेस ने अंतिम तौर पर इस पर हामी नहीं भरी है। लेकिन अभी तक इंकार भी नहीं किया है।

सपा की पहली लिस्ट के मुताबिक संभल से शफीकुरर्हमान बर्क, एटा से देवेश शाक्य, खीरी से उत्कर्ष वर्मा, धौरहरा से आनंद भदौरिया, उन्नाव से अनु टंडन, फर्रुखाबाद से नवल किशोर शाक्य, अकबरपुर से राजा रामपाल, बांदा से शिव शंकर सिंह पटेल, फ़ैज़ाबाद से अवधेश प्रसाद, अंबेडकर नगर से लालजी वर्मा, बस्ती से राम प्रसाद चौधरी और गोरखपुर से काजल निषाद को उम्मीदवार बनाया है।

समाजवादी पार्टी ने इस बार यूपी में पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) का फार्मूला दिया है और यही नारा भी दिया है कि होगा “पीडीए के नाम—अबकी एकजुट मतदान”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network