अयोध्या के सरयू नदी में शुरू हुई क्रूज सेवा

https://youtu.be/wbm9rlA22ms

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 08 सितम्बर 2023 : भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में आने वाले पर्यटकों और राम भक्तों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अयोध्या आने वाले लोग अब क्रूज की सेवा का आनंद ले सकेंगे। एक भव्य समारोह के दौरान “जटायु”  क्रूज का जलावतरण हुआ।  इस मौके पर प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इस नवनिर्मित क्रूज को आम जनता के लिए समर्पित किया। अयोध्या क्रूज लाइंस द्वारा संचालित इस क्रूज में एक साथ कुल 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यह क्रूज अयोध्या के संत तुलसीदास घाट से चलकर गुप्तार घाट तक करीब 09 किलोमीटर का सफर तय करेगा। उसके बाद गुप्तार घाट पर 20 मिनट विश्राम करने के बाद यह क्रूज वापस संत तुलसीदास घाट आएगा। इस दौरान लगभग 18 किलोमीटर का सफर 02 घंटे में यह क्रूज तय करेगा। इस क्रूज में यात्रियों को पूर्वांचल के विभिन्न पकवान उपलब्ध होंगे। इसके अलावा क्रूज में मौजूद गाइड सरयू तट के किनारे स्थित विभिन्न मंदिरों का इतिहास और गुप्तार घाट के पौराणिक महत्व से भी पर्यटकों को अवगत कराएंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आज अयोध्या को एक क्रूज की सेवा उपलब्ध कराई गई है। अभी हम 100 सीटर क्रूज शुरू कर रहे हैं। इसके अलावा हम एक बड़ा क्रूज भी जल्द ही सरयू में उतारेंगे। पर्यटन विभाग ने यूपीनेडा के साथ एक एमओयू साइन किया है , जिसमें हम सौर ऊर्जा से संचालित क्रूज का संचालन करेंगे। यह क्रूज अयोध्या के अलावा काशी – मथुरा में भी चलाया जाएगा। इस क्रम में हम पूर्वांचल के व्यंजनों को इस क्रूज में सवार पर्यटक और श्रद्धालुओं के बीच वितरित करेंगे।

उन्होंने बताया कि अयोध्या की अन्य योजनाओं में आने वाले जनवरी माह तक हमारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। हमारा प्रयास है कि हमारी सारी योजनाएं भगवान राम लला के मंदिर के उद्घाटन से पूर्व अधिक से अधिक संचालित हो जाएं। हम अयोध्या के सभी मंदिरों का जीर्णोद्धार कर रहे हैं। अयोध्या के सड़क मार्ग को और अधिक बेहतर किया जा रहा है। परिक्रमा मार्ग से लेकर फोरलेन हाई-वे को अलग – अलग शहरों से जोड़ा जाने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network