आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 08 फरवरी 2024 : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के नए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सरकार बनाने के बाद गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच थे। वह श्रीकृष्ण मेमोरियल सभागार में पार्टी की ओर से आयोजित *धन्यवाद, सम्मान एवं संकल्प सभा में शामिल हुए। कार्यक्रम संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने पार्टी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि जंगलराज वालों को सत्ता से बाहर करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साथ दिया है, लेकिन बिहार में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प पर अब भी कायम हैं। सम्राट के इस घोषणा पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

https://youtu.be/wbm9rlA22ms?si=wFNs1lqGkwG7RV9Y

भाजपा ने कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।इस दौरान सभागार में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने स्थान पर खड़े होकर एक मिनट तक ताली बजाकर पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी एवं कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। सभागार में उपस्थित कार्यकर्ताओं से मोबाइल का टार्च रोशन कर नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया।इसके बाद बिहार सरकार में उप मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा एवं मंत्री बने प्रेम कुमार को सम्मानित किया गया। आखिरी में 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार के सभी 40 की 40 सीटें जीतने का संकल्प भी लिया।

सम्राट ने राजद प्रमुख लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वे रोजगार का फार्मूला ही बताना चाहते हैं तो प्रदेश की जनता को बता दें कि डेढ़ वर्ष का बच्चा अरबपति कैसे बन सकता है।उन्होंने आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि अति पिछड़े को मुख्यधारा में जोड़ने वाला कोई व्यक्ति था तो वे केवल पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी थे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मंडल कमीशन लागू करने में भी भाजपा का समर्थन था। भाजपा मंडल के साथ है तो कमंडल के साथ भी है। दूसरी ओर राजद का आरक्षण अपने परिवार तक सीमित है।

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने अपने संबोधन में 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 40 संसदीय सीट जीत कर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की कार्यकर्ताओं से अपील की।उन्होंने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की चर्चा करते हुए कहा कि श्रीबाबू ने पूरे बिहारियों को ही अपना परिवार माना। जमींदारी प्रथा को समाप्त कर दिया, जबकि अधिकांश जमींदार उन्हीं के समाज के थे। उन्होंने कहा कि आज हमें यह देखना होगा कि बिहार में कमी क्यों आई।इस मौके पर मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। सच्चे अर्थों में यह सम्मान भाजपा कार्यकर्ताओं का है। भाजपा के कार्यकर्ता ही पार्टी को आज यहां तक पहुंचाया हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री जगन्नाथ ठाकुर ने किया।इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े एवं संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानियां भी उपस्थित रहे। समारोह को पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव, मंगल पांडेय, तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, हरि सहनी, शाहनवाज हुसैन, जनक राम, नवल किशोर यादव, ललन मंडल, अनिल शर्मा, राजेंद्र गुप्ता ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network