
रिपोर्ट: Rohtas Darshan चुनाव डेस्क | धनबाद | Updated: 27 फ़रवरी 2026: झारखंड में न्यायालय और प्रशासनिक परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला धनबाद का है, जहां बुधवार को अज्ञात शरारती तत्वों ने ई-मेल के जरिए सिविल कोर्ट परिसर में बम लगाए जाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
कोर्ट परिसर खाली कराया गया
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलते ही जिला जज और पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। वकीलों, मुवक्किलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कोर्ट के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए गए। हाजत, कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर और अन्य संवेदनशील स्थलों की बारीकी से जांच की गई।
देर शाम तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
इससे पहले 12 फरवरी को Ranchi स्थित समाहरणालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। उस संदेश में ‘सल्फर नाइट्रेट’ आधारित विस्फोटक के इस्तेमाल का दावा किया गया था और कहा गया था कि बम निरोधक दस्ता उसे पकड़ नहीं पाएगा।
उस समय भी पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर प्रशासनिक भवनों, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की आधुनिक उपकरणों से जांच की गई थी, लेकिन कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
इसके अलावा 6 फरवरी को भी रांची शहर को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। तब भी घंटों तलाशी अभियान चला, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
साइबर सेल की जांच शुरू
पुलिस ने ताजा मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया है। ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और सर्वर की तकनीकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि हाल की सभी धमकियों के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व या संगठित प्रयास का हिस्सा हो सकता है।
फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


