रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 09 मई 2021 : समस्तीपुर । जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के नयी दुर्गा स्थान सोलंकी टोला के पास दर्जनों की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली माऱकर हत्या कर दी। अपराधियों ने उक्त व्यक्ति को दो गोली मारी है, जिसमें से एक गोली मृतक के आंख में तथा एक गोली कनपटी में लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक की पहचान बेगुसराय निवासी वीरेन्द्र सिंह के रूप में की गयी है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही विद्यापतिनगर पुलिस, बेगुसराय पुलिस तथा दलसिंहसराय एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडे घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज कर मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों का कहना है कि मृतक किसी काम से विद्यापतिनगर आया था। जहां पहले से घात लगाए दर्जनों हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसमें से दो गोली मृतक को जा लगी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। गोलीबारी की इस घटना के कारणों का अभी पता नही चल पाया है। घटना के बाद से बेगुसराय की पुलिस तथा समस्तीपुर की पुलिस घटनास्थल पर कैंप की हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network