रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 18 अक्टूबर 2021 : सासाराम। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का बारीकी से त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अग्निशमन यंत्रों सहित सुरक्षा संबंधी कई मानकों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश जारी किए। ज्ञात हो कि जिला मुख्यालय स्थित एक ही परिसर में दो वेयरहाउस हैं। पुराने वेयरहाउस में एम-2 मॉडल के बीयु/सीयु/वीवीपैट संधारित हैं। जबकि नए वेयरहाउस में एम-3 मॉडल के आधुनिक बीयु/सीयु/वीवीपैट संधारित हैं। जिसका भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह सामान्य निरीक्षण एवं प्रत्येक तीन माह पर ईवीएम वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाता है। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी उपेंद्र यादव, दीपक शुक्ल महासचिव कांग्रेस, अशोक साह, अलख निरंजन महासचिव जदयू सहित कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।