आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 29 नवम्बर 2022 : कला,संस्कृति एवं युवा विभाग तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण,पटना के संयुक्त तत्वावधान में बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट “तरंग” 2022 का आयोजन जिले में 15 से 17 दिसंबर को जिला मुख्यालय सासाराम के न्यू स्टेडियम फजलगंज में किया जाएगा। इस आयोजन के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष आयोजन समिति की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में आयोजन के सफल आयोजन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के करवाई की जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि जिले में तरंग खेल प्रतियोगिता संकुल स्तर से आरंभ होकर प्रखंड स्तर उसके बाद जिला स्तर की प्रतियोगिता होगी जिला स्तर की प्रतियोगिता में प्रखंड की टीमें हिस्सा लेंगी। एथलेटिक्स, कबड्डी और खो-खो की प्रतियोगिताएं न्यू स्टेडियम,फजलगंज,सासाराम में जबकि फुटबॉल की प्रतियोगिता उच्च माध्यमिक विद्यालय, चौखंडा चितौली के मैदान में होंगी।इस प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल (बालक/बालिका) की प्रतियोगिता सिर्फ अंडर-17 आयु वर्ग में होगी जबकि एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं अंडर 12,अंडर 14 और अंडर 17 (बालक/ बालिका) आयु वर्ग में आयोजित की जाएंगी। जिला स्तर की प्रतियोगिता में प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के बाद सभी खेलों के चयनित प्रतिभागी ही हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों की सूची प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित होगी।

उन्होंने बताया कि जिले के 19 प्रखंडों से प्रति प्रखंड से 144 खिलाड़ी एवं दल प्रभारी मिलाकर लगभग 2700 बालक/ बालिका खिलाड़ी/दल प्रभारी चारों खेल विधाओं में हिस्सा लेंगे। एथलेटिक्स की स्पर्धा में (बालक एवं बालिका अंडर -12) 60 मीटर की दौड़, 300 मीटर की दौड़, लंबी कूद और बॉल थ्रो की स्पर्धाए होंगी। जबकि अंडर-14 आयु वर्ग में 100 मीटर, 800 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद और बॉल थ्रो की स्पर्धाए होंगी। अंडर -17 आयु वर्ग में 100 मीटर की दौड़, 800 मीटर की दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक की स्पर्धाए आयोजित की जाएंगी।प्रतियोगिता में आयु की गणना 31 जनवरी 2023 से की जाएगी जिला स्तर की प्रतियोगिता के पश्चात जिले से चयनित खिलाड़ी प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने उक्त आयोजन से संबंधित सभी प्रखंड स्तर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में संकुल स्तर एवं विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं समय से आयोजित की जाएंगी जबकि प्रखंड स्तर की प्रतियोगिता भी 10 दिसंबर तक आयोजित कर ली जाए। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि तरंग प्रतियोगिता में सरकारी/गैर सरकारी (बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त), सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालय के छात्र-छात्राएं खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों का विद्यालय से डेटाबेस तैयार किया जाएगा। भाग लेने वाले खिलाड़ी अपने विद्यालय, संकुल या प्रखंड से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network