4 के मुकाबले 34 मतों से रविन्द्र कुमार गुप्ता को किया पराजित

रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : सासाराम। नगर परिषद सासाराम के उपमुख्य पार्षद के लिए बुधवार को हुए चुनाव मे बिहारी सिंह ने अपना दबदबा दिखाते हुए चुनावी जीत हासिल की। बिहारी सिंह ने 34 पार्षदों के समर्थन से रविन्द्र कुमार गुप्ता को पराजित किया। जबकि रविन्द्र गुप्ता को मात्र 4 मत प्राप्त हुए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अनुमंडल परिसर मे हुए चुनाव व मतगणना के दौरान दोनों उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच काफी गहमागहमी रही। समर्थक मतदान स्थल के बाहर पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान मुस्तैदी से जमे दिखे। बिहारी सिंह की जीत की खबर आते हीं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा नारेबाजी की जाने लगी। इस दौरान समर्थकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर व फूल माले से जीत का जश्न मनाया। चुनाव अधिकारी द्वारा अपराह्न के 12.10 बजे तक नामजदगी पर्चा भरने तथा नाम वापसी के लिए 12.30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। जहां सिर्फ दो उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। जिसके बाद निर्वाचन सह अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने मतदान कराने का निर्णय किया। बैलेट पेपर पर हुए मतदान के कारण मत देने वाले पार्षदो की गोपनीयता बनी रही। पूरे चुनावी प्रक्रिया के दौरान मतदान केन्द्र पर शांति बनी रही। चुनाव मे भाग लेने के लिए निर्धारित सयम से पहले ही पार्षद मतदान स्थल पर पहुंच चुके थे। पार्षदों को मतदान केन्द्र के अंदर पहुचने के लिए सुबह के ग्यारह बजे का समय निर्धारित किया गया था। मतदान करने को लेकर सभी पार्षद काफी उत्साहित रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पार्षद संतुष्ट दिखे। इस संदर्भ में पूछे जाने पर एसडीएम सह निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद का चुनाव शांति और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया गया। जहां वार्ड 35 के पार्षद बिहारी सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी रविंद्र कुमार गुप्ता को 30 मतों के अंतर से पराजित किया।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ मतदान-

मतदान को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु अनुमंडल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे परिसर का घेराबंदी किया गया था। जहां परिसर के अंदर व बाहर बड़ी संख्या में महिला व पुरूष पुलिसकर्मियो को तैनात किया गया था। वहीं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को मतदान केन्द्र के अंदर जाने की अनुमति नही थी। चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनील कुमार पांडेय नियुक्त किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network