रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 24 जून 2021 : छपरा : डोरीगंज थाना क्षेत्र के बलवन टोला गांव के समीप सोन नदी से एक 40 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है। शव की शिनाख्त बलिया जिले के रेवती थानांतर्गत रामपुर मसरी निवासी लक्ष्मण यादव का 40 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार यादव के रुप में हुई है। स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चार पांच दिन पहले कोईलवर से बालू लाद कर आ रही एक नाव से एक मजदूर नदी में गिर गया था। जिसकी खोजबीन स्थानीय स्तर से ही की गई लेकिन मजदूर नहीं मिल सका।

वहीं आज गुरुवार के अहले सुबह नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने एक शव को उपलाते देखा। जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। स्थानीय लोग इसकी सूचना डोरीगंज पुलिस को दिए। जिसके बाद डोरी गंज पुलिस शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष वीरेन्द्र राम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों के द्वारा कोई आवेदन भी थाने में नहीं दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ कोईलवर पुलिस ने भी थानाक्षेत्र के राजापुर गांव के समीप सोन नदी से एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है। बरामद शव डोरीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर बिनटोलीया निवासी मोहन महतो का 35 वर्षीय पुत्र बद्री महतो बताया जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बद्री राजापुर में मजदूरी करता था। काम पर जाने के लिए बालू लाने कोईलवर जा रही खाली नाव पर बैठ कर राजापुर जा रहा था कि नाव से नदी में गिर गया। घटना चार पांच दिन पहले की ही है। स्थानीय स्तर पर खोजबीन के बाद बद्री का कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार को अहले सुबह जब स्थानीय लोग नदी किनारे शव को उपलाते देखा तो उसकी सूचना कोईलवर पुलिस को दी। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन ले दाह संस्कार किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network