देश के 80 करोड़ से अधिक आबादी को कोविड-19 के इस संक्रमण काल में मुफ्त में राशन

रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 17 अगस्त 2021 : पटना । केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री के दायित्व मिलने के बाद पहली बार पटना पहुँचे श्री अश्विनी चौबे मंगलवार को स्टेट गेस्ट हाउस में पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। देश के 80 करोड़ से अधिक आबादी को कोविड-19 के इस संक्रमण काल में मुफ्त में राशन पहुंचाया जा रहा है। एक राष्ट्र एक राशनकार्ड योजना से प्रवासी बिहारियों को काफी लाभ मिल रहा है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पूरे देश में सर्वाधिक बिहार के 15,729 लोगों ने राज्य के बाहर वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना के तहत राशन लिया है। पूरे देश में अकेले कोविड अवधि के दौरान एक राष्ट्र एक राशनकार्ड योजना के तहत पोर्टेबिलिटी के माध्यम से 60 लाख टन से अधिक खाद्यान्न डिलीवर किए गए हैं। हम कह सकते हैं कि खाद्य सुरक्षा की यह पोर्टेबिलिटी प्रवासी लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बना रही है।  वन जीवों पर चर्चा करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने बताया कि विश्व में 3890 बाघ बचे हैं, जिनमें सब से अधिक बाघ 2900 भारत में है।  14 बाघ अभ्यारण्य है। बिहार में वाल्मीकिनगर है। यहाँ 32 बाघ हैं। इसे कंजर्वेशन एश्योर्ड टाइगर स्टैंडर्ड (Conservation Assured Tiger Standards CA/TS) द्वारा मान्यता दी गयी है।  श्री चौबे ने बताया कि प्रधानमंत्री जी द्वारा वर्ष 2022 तक एकल उपयोग वाले प्लास्टिक को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के आह्वान के अनुरूप पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने चिन्हित की गई एकल उपयोग वाली प्लास्टिक वस्तुओं को प्रतिबंधित करने वाले प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन संशोधन नियम, 2021 को अधिसूचित कर दिया है। 1 जुलाई, 2022 से पॉलीस्टीरीन और विस्तारित पॉलीस्टीरीन समेत निम्नलिखित एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक वस्तुओं के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग को प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे ने खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेसी सिंह के साथ मंत्रालय से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। इस मौके पर खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार उपस्थित थे। इस दौरान भारतीय खाद्य निगम व भारतीय मानक ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसके उपरांत आज स्टेट गेस्ट हाउस में बिहार से संबंधित पर्यावरण, वन मुद्दे पर राज्य के पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री नीरज सिंह बबलू व विभाग के आला अधिकारियों के साथ श्री चौबे की चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network