रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 12 जुलाई 2021 : सासाराम। जिले में प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के लिए शिक्षक नियोजन का कार्य जोर शोर से चल रहा है। जिसको लेकर जिले के कई वरीय अधिकारी जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के निर्देश पर लगातार विभिन्न प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नियोजन स्थलों का दौरा कर रहे हैं। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि विभिन्न प्रखंडों में चल रहे शिक्षक नियोजन के कार्य को देखते हुए जिले के कई वरीय अधिकारियों को नियोजन स्थलों पर रवाना किया गया है। जिससे नियोजन स्थलों पर किसी भी तरह की अनियमितताएं एवं विधि व्यवस्था की समस्या ना उत्पन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि वरीय उप समाहर्ता खुशबू पटेल को दावथ प्रखंड, डीसीएलआर गोपाल कुमार को करगहर प्रखंड, भू अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता को नोखा प्रखंड, उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय को डेहरी प्रखंड एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी प्रवीण चंदन को रोहतास प्रखंड के लिए नियुक्त किया गया है। सभी प्रखंडों में नियोजन कार्य सुबह 11:30 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे तक चल रहा है। जहां सभी अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट के अनुसार बारी बारी से अपना काउंसिलिंग पूरी पारदर्शिता के साथ करा रहे हैं।