2023 के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी को इनवाइट किया है। 2021 और 2022 में गणतंत्र दिवस समारोह में किसी मुख्य अतिथि को आमंत्रित नहीं किया गया था। 

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 26 नवम्बर 2022 : नई दिल्ली। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। 26 जनवरी 2023 को आयोजित होने वाले इस समारोह में शामिल होने के लिए भारत की ओर से अब्देल फत्ताह को इनवाइट किया गया है। 16 अक्टूबर को मिस्र की आधिकारिक यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने काहिरा में अब्देल फत्ताह से मुलाकात की थी। इसी दौरान विदेश मंत्री ने उन्हें भारत आने का औपचारिक निमंत्रण दिया था। मिस्र 2023 में भारत की अध्यक्षता में जी20 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित नौ अतिथि देशों में शामिल है।

2021 और 2022 में किसी को नहीं मिला था आमंत्रण

बता दें कि भारत द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में किसी राष्ट्राध्यक्ष को आमंत्रित किया जाना बहुत महत्व रखता है। भारत अरब के देशों के साथ अपने रिश्ते को बहुत अहमियत देता है। मिस्र के राष्ट्रपति को इनवाइट किए जाने से यह संदेश भी गया है। कोरोना महामारी के चलते 2021 और 2022 में गणतंत्र दिवस समारोह प्रभावित हुआ था। इसके चलते किसी मुख्य अतिथि को आमंत्रित नहीं किया गया था। 

भारत और मिस्र के बीच हैं अच्छे संबंध

मिस्र के साथ भारत के अच्छे संबंध रहे हैं। 1961 में गुटनिरपेक्ष आंदोलन के वक्त से भी दोनों देशों के बीच करीबी संबंध हैं। 68 साल के अब्देल फत्ताह मिस्र के पहले ऐसे नेता हैं, जिन्हें भारत द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में मिस्र और भारत के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network