आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 11 जून 2022 : रांची : पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के खिलाफ रांची में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुआ विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। इस दौरान मेन रोड में डेली मार्केट के पास बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के काफिले पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। उपद्रवियों ने उनकी एसयूवी गाड़ी पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। गाड़ी का आगे और पीछे का शीशा चकनाचूर कर दिया। उपद्रवियों ने काफिले में शामिल पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मंत्री नितिन नवीन ने कार की सीट के नीचे छुपकर जान बचाई। किसी तरह मंत्री के ड्राइवर ने हनुमान मंदिर के पास गाड़ी चर्च रोड की तरफ मोड़ ली। महज दो मिनट के अंदर उपद्रवियों ने मंत्री की गाड़ी को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जाता है कि नितिन नवीन पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने रांची गए थे। शुक्रवार करीब एक बजे बिरसा मुंडा होटल से वे मेन रोड स्थित हाेटल कैपिटाेल हिल पहुंचे थे। दिन के तीन बजे के करीब जब सूचना मिली की हंगामा शांत हो गया है, तो वो पुलिस स्कॉट के साथ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल से निकले, लेकिन कश्मीर वस्त्रालय और डेली मार्केट के बीच उनके काफिले पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया।राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमन कुमार मल्लिक ने रांची में हिंसक झड़प के दौरान मंत्री नितिन नवीन के काफिले पर हमला की कड़ी शब्दों में निंदा की है। मल्लिक ने कहा कि नवीन सुलझे हुए स्वच्छ छवि के नेता हैं और उपद्रवियों द्वारा उन पर जानलेवा हमला करना अत्यंत चिंता और दुर्भाग्य का विषय हैं। उन्होंने झारखंड की हेमंत सरकार से अविलंब उपद्रवियों काे चिह्नित कर सख्त करवाई करने का मांग की है।