मृतका सिविल कोर्ट शेखपुरा में कार्यरत कर्मी की थी पत्नी ,सड़क पार करने में घटी घटना

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 27 जनवरी 2023 : शेखपुरा। शुक्रवार की देर शाम जिले के हथियावा पुलिस ओपी क्षेत्र अंतर्गत शेखपुरा -बरबीघा मुख्य सड़क मार्ग पर बिहटा गांव के समीप एक बेकाबू ट्रक ने एक 52 वर्षीय महिला को को बुरी तरह रौंद डाला। घटना के दौरान महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर शेखपुरा शहर की तरफ भाग निकला। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घटना के विरोध में मृतका की लाश के साथ मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया। जिसके कारण कुछ देर तक इस मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ओपी अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक भगवान प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क जाम तुड़वाया। तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। साथ ही पुलिस मृत महिला की लाश को अपने कब्जे में लेकर एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल शेखपुरा पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतका की पहचान बिहटा गांव निवासी द्वारिका उर्फ बौधू चौधरी की पत्नी बसंती देवी के रूप में की गई है। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि मृतका का पति सिविल कोर्ट शेखपुरा में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। महिला का घर मुख्य सड़क मार्ग के किनारे उत्तर दिशा में है। महिला घर से निकल कर सड़क पार कर रही थी। तभी तेज गति में गुजर रहे एक अज्ञात ट्रक ने महिला को बुरी तरह रौंदते हुए भाग निकला। घटना के बाद मृतका के घर वालों का रोते रोते बुरा हाल हो गया है। जबकि पूरे गांव में मातम पसर गया है।
