आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 01 जुलाई 2022 : फारबिसगंज : पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से सीतामढ़ी जा रही एक यात्री बस फारबिसगंज -अररिया फोरलेन स्थित ढोलबज्जा के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से महज कुछ दूर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। जिससे बस सवार तकरीबन एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। बस पलटने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस मौके पर स्वयं थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु गश्ती दल में शामिल दारोगा कारे पासवान,अजय कुमार यादव सहित पुलिस बल शामिल थे।

बस के पानी में भरे गढ्ढे में पलटने से कई यात्री गंभीर रुप से जख्मी हालत में थे। जिसे काफी मशक्कत के बाद बस से बाहर निकाला गया तथा ईलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। चिकित्सा के दौरान ऑन ड्यूटी चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को गंभीर चोट लगने के कारण बेहतर ईलाज के लिए रेफर कर दिए जाने की जानकारी दी गई है।

घायल यात्रियों में सीतामढ़ी की मंजू शर्मा पति प्रमोद शर्मा, सीतामढ़ी के डूमरीकोला कि चंदा देवी पति संजीव कुमार झा,आरुषि कुमार (10वर्ष) पिता संजीव कुमार झा शामिल हैं। जबकि अन्य घायलों में मधुबन के अफसाना प्रवीण पति सरफराज आलम,पश्चिम बंगाल के वीरपाड़ा निवासी सुरेंद्र साह पिता राम सागर साह, अंशु साह (डेढ़ वर्ष) पिता सुरेंद्र साह, सीतामढ़ी के विकायी मुखिया पिता तेज मुखिया दरभंगा के मिट्ठु कुमार पिता दिनेश लाल, सीतामढ़ी के ही पिक्कू साह पिता सुरेन्द्र साह,गीता देवी पति जयनेंद्र सरदार आदि शामिल हैं।

दुघर्टना के संबंध में बताया जाता है कि राज बस सर्विस नामक यात्री बस संख्या डब्लूबी 73 डी/ 6394 पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से सीतामढ़ी जा रही थी। इस दौरान फारबिसगंज- अररिया फोरलेन पर ढोलबज्जा के समीप एक पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर अचानक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। इधर दुघर्टना के बाद बस के चालक तथा उप चालक मौके पर से भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार बस के पलटने के बाद अंदर बैठे यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गई। इस बाबत थानाध्यक्ष ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दिए जाने की जानकारी देते हुए कारवाई की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network