आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 13 नवंबर 2023 : दाउदपुर । स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत नसीरा पंचायत के तकिया गांव के पूरब सात माह पूर्व 14 अप्रैल 2023 को विधिवत समारोह पूर्वक स्थापित की गई बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को शनिवार की रात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसकी जानकारी उस वक्त हुई जब प्रतिमा के संस्थापक तकियां गांव निवासी रामनाथ मांझी प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की सुबह उठकर प्रतिमा की साफ- सफाई व पूजा-अर्चना करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। डॉ अंबेडकर की प्रतिमा का सर गायब है और दोनों हाथ व एक हाथ में रखा संविधान भी क्षतिग्रस्त है तो वे अवाक रह गए। उसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस बीच एक हाथ के कुछ हिस्से और चश्मा प्रतिमा से 20 मीटर दूर तो प्रतिमा का सर करीब ढ़ाई किलोमीटर दूर बरवां के टोला सुंदरी के डेरा के समीप एक बगीचे में फेंका हुआ मिला। असामाजिक तत्वों के द्वारा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने की जानकारी मिलते हीं तकियां समेत समेत आस-पास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंचे रालोजद नेता ओमप्रकाश कुशवाहा, विनोद मांझी, राजद नेता गुड्डू कुशवाहा, जिला पार्षद रघुवंश सिंह उर्फ फूल सिंह, स्थानीय मुखिया पति उदय सागर राम, जैतपुर मुखिया पति दूधनाथ राम, अमित प्रकाश, मनु राम आदि समेत सभी दलों व समाज के लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की। इस बीच घटना की जानकारी मिलते हीं दाउदपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम, एएसआई दिनेश्वर कुमार व संतोष कुमार दलबल के साथ तकियां गांव पहुंच गए। जहां लोगों ने घटना को लेकर आक्रोश प्रकट किया और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच-पड़ताल कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। जिस पर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम ने लोगों को आश्वस्त किया कि जांच-पड़ताल में दोषी पाए जाने वाले लोगों को बख्शा नही जाएगा। कुछ देर बाद हीं डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंच गई। जिसकी मदद से आस-पास जांच-पड़ताल की गई। हालांकि पुलिस को कोई सफलता हासिल नही हो सकी।

https://youtu.be/wbm9rlA22ms?si=wFNs1lqGkwG7RV9Y

तकियां गांव पहुंचे मांझी विधायक डॉ सत्येंद्र यादव ने रात में मूर्ति को क्षतिग्रस्त किये जाने की घटना को कायरता बताते हुए तीव्र भर्त्सना की। उन्होंने कहा कि सामंती व मनुवादी ताकतें चाहे कुछ भी करले मूर्तियों को तोड़कर अंबेडकर साहब के समानता व सामाजिक न्याय की विचारधारा को बढ़ने से रोका नही जा सकता। संविधान निर्माता बाबा साहब ने बहुजनों का हमेशा ख्याल रखा है। उन्होनें कहा कि यहां पहले से भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस दौरान विधायक ने मूर्ति लगवाने के लिए अपने निजी कोष से तत्काल एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जब से बिहार में बहुजनों को 65 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है तब से कुछ लोग बौखला गए हैं। इस दौरान विधायक ने दाउदपुर थानाध्यक्ष से फोरेंसिक व अन्य टेक्निकल का उपयोग कर घटना की गम्भीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा। वहीं उन्होंने मांझी बीडीओ से डॉ आंबेडकर की मूर्ति लगवाने के लिए स्थल पर मिट्टी भराई करा कर अपने स्तर से हर सम्भव व्यवस्था करने को कहा।

डॉ अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटना की जानकारी मिलने पर रविवार की शाम को महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल भी तकियां गांव पहुंचे और रामनाथ मांझी समेत ग्रामीणों से बातचीत की। प्रतिमा तोड़े जाने की उन्होंने तीव्र निंदा की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा संविधान निर्माता बाबा साहब की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करना एक शर्मनाक घटना है। दीपावली व छठ पर्व के दौरान एक साजिश के तहत जातीय उन्माद फैलाने की कोशिश की गई है। मगर तकियां, नसीरा, कोहड़ा बाजार व आस-पास के गांव की ऐसी बनावट है कि यहां मिलजुल कर रहने वाले लोगों ने हमेशा ऐसी साजिश को नाकाम किया है। उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात कर एसआइटी टीम गठित कर जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। ताकि वैसे लोगो का मंसूबा बेनकाब हो जाय जो सामाजिक ताना बाना को तोड़ना चाहते है। सांसद ने भी डॉ आंबेडकर की नई भव्य प्रतिमा लगाने के लिए अपने निजी कोष से 3 लाख रुपए देने की घोषणा की।

मांझी विधायक डॉ.सत्येंद्र यादव ने सोमवार को कोहड़ा हाई स्कूल में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व समाजिक कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की। जिसमें तकियां गांव में क्षतिग्रस्त मूर्ति के स्थान पर बाबा साहब की भव्य मूर्ति लगाने पर विचार विमर्श किया गया। वहीं सर्व सम्मति से एक कमिटी बनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान विधायक ने मूर्ति लगाने को लेकर घोषित राशि प्रदान किया। उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर एक सरकारी चापाकल लगाया जाएगा व छठ बाद बिजली की व्यवस्था करा दी जाएगी। इसके अलावें जो भी होगा आवश्यक सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। बैठक में ओमप्रकाश कुशवाहा, रामनाथ मांझी, उदय सागर राम, राज कुमार राय, सत्य नारायण मांझी, अजय कुमार वर्मा समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network