रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 09 मई 2021 : नोखा । सरकार ने कोरोना संक्रमण से आमलोगों को बचाने के लिए 15 मई तक लॉकडाउन किया है। यह आमलोगों के हित में है। लॉकडाउन के दौरान प्रशासन ने जरूरी चीजों को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानें बंद रखने का फरमान जारी किया है। साथ ही निजी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। लेकिन, सरकारी आदेश का उल्लंघन करते हुए दोपहर तक कुछ दुकानें चोरी-छुपे खुल रही है।
पुलिस-प्रशासन की गाड़ी आने की भनक लगते ही दुकानों के शटर गिरा दिये जाते है और अंदर सामानों की धड़ल्ले से बिक्री होती है। वह भी मनमाने कीमत पर। दाम कम कराने पर दुकानदार सीधे दुकान से बाहर जाने को बोलते हैं। लग्न के मौसम में ग्राहक करें भी तो क्या। वे मनमानी कीमत देने को मजबूर हैं।
यही हाल ऑटो की भी है। रोक के बाद भी शहर में ऑटो का धड़ल्ले से परिचालन हो रहा है। अधिकारियों के सामने से बस स्टैंड से रोज दर्जनों ऑटो भेड़-बकरियों की तरह यात्रियों को ठूंस कर ले जाते हैं। साथ ही उनसे मनमाना किराया वसूल रहे हैं। प्रशासन की इस पर ध्यान नहीं है। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।


