रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 13 अप्रैल 2021 : नौहट्टा। नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर सशस्त्र सुरक्षा बल एवं जिला पुलिस बल के जवानों द्वारा 60 घंटे की छापेमारी अभियान कैमूर पहाड़ी पर बसे गांवों एवं जंगलों में एसपी आशीष भारती एवं एसएसबी के समादेष्टा परमजीत सिंह सालेरिया के निर्देश के आलोक में रविवार की रात से ही अभियान चलाया जा रहा है। सूचना थी कि झारखंड के पलामू जिला के कबरा गांव के रास्ते सोन नदी पार कर 100 की संख्या में नक्सली कैमूर पहाड़ी में प्रवेश कर गए हैं। जिसे लेकर गांव-गांव में लोगों से वार्ता कर एसएसबी के जवानों द्वारा जानकारी ली जा रही है। साथ ही नक्सलियों के विरूद्ध सर्च अभियान चलाते हुए जंगलों कंदरा गुफा एवं गांव में भी लोगों से पूछताछ किया जा रहा है। नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते की चहल कदमी की जानकारी तो मिल रही है। लेकिन नक्सली गए कहां इसकी पता नहीं चल पा रही है ।जिले में नक्सलियों का आतंक लंबे समय से समाप्त हो गया है। एसएसबी 29 वीं वाहिनी के सहायक समादेष्टा अभिषेक कुमार के नेतृत्व में हाल के दिनों में ही पांच कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उसके बाद बौखलाए नक्सली कैमूर में अपना पैठ बनाने की फिराक में लगे हुए हैं। समय-समय पर एसएसपी द्वारा चिकित्सा शिविर समेत कई प्रकार के अभियान चलाकर लोगों को अपने साथ जोड़ने का भी प्रयत्न किया जाता रहा है। छापेमारी अभियान के क्रम में रेहल ,शोली,जेमरदाग, बरकट्टा,सलमा,लौड़ी,बुधुआ,धंसा, हसडी समेत नौहट्टा एव रोहतास प्रखंड के दो दर्जन गावों व जंगलों में छापेमारी की गई।हालाकी नक्सली पकड़े जाने की सूचना नही है।छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार, थानाध्यक्ष रोहतास राजीव रंजन, थानाध्यक्ष नौहटा संजय कुमार वर्मा समेत कई अधिकारी एसएसबी एवं जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।


