पांच पर प्राथमिकी, पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार
रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 12 अप्रैल 2021 : करगहर रोहतास। थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में रविवार की रात जन्मदिन के अवसर पर आयोजित नाच पार्टी में गोली लगने से एक नर्तकी घायल हो गई। जिसका इलाज सासाराम सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि पहाड़ी गांव में जन्मदिन के अवसर पर अंकित पाल के यहां जन्मदिन के अवसर पर नाच पार्टी का आयोजन किया गया था। नाच पार्टी में कुछ युवक मंच पर नाचने के लिए उतारू हो गए। मना करने पर किसी के द्वारा गोली चला दी गई। गोली नर्तकी अंजली कुमारी के पैर में लगी। गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घायल नर्तकी को सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया। रात में ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से माती निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नर्तकी द्वारा पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपी लोगों के घर पर गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है।


