रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : सासाराम। शहर के कई प्रमुख जगहों पर मंगलवार को यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे लोगों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के फजलगंज स्थित नगर थाना भवन के समीप सदर एसडीओ मनोज कुमार एवं पोस्ट ऑफिस चौराहे के समीप कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रमा राम के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दर्जनों दुपहिया वाहनों को पकड़ा गया तथा वाहनों के कागजात की जांच की गई। बिना हेलमेट, अधुरे कागजात एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना राशि वसूल किया गया। वहीं चेकिंग अभियान को देखकर कुछ वाहन चालक इधर उधर भागते दिखे। इस संदर्भ में पूछे जाने पर सदर एसडीओ मनोज कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान लगभग बीस हजार रूपए बतौर जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने एवं सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए लगातार अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद जियाउल्लाह, नगर थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


