रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : सासाराम। नियम और कानून सभी के लिए एक समान होते हैं इसका ताजा उदाहरण शुक्रवार को शहर के रौजा रोड पर देखने को मिला। जब सासाराम के स्थानीय राजद विधायक की गाड़ी शहर के निषेध क्षेत्र में यातायात नियम का उल्लंघन करते हुए पकड़ी गई। जानकारी के मुताबिक विधायक राजेश कुमार गुप्ता की गाड़ी बीआर 24 पीए 4444 को वन वे किए गए रौजा रोड में विपरीत दिशा से लौटने के क्रम में अपर अनुमंडल पदाधिकारी रिजवान फिरदौस कुरैशी ने जांच अभियान के दौरान रोक दिया तथा निषिद्ध क्षेत्र में परिचालन करने के कारण 2500 रूपये बतौर जुर्माना वसूल किया। इस दौरान उन्होंने सूर्यपुरा प्रखंड के घोसलडीह पैक्स अध्यक्ष के वाहन से भी सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के एवज में जुर्माना वसूला। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए अपर अनुमंडल पदाधिकारी रिजवान फिरदौस कुरैशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर को जाम मुक्त रखने के उद्देश्य से शहर के रौजा रोड को वनवे किया गया है जिसका उल्लंघन करते हुए सासाराम के विधायक राजेश गुप्ता की गाड़ी सहित अन्य गाड़ियों को पकड़ा गया तथा उनसे जुर्माना भी वसूल किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी एक समान है तथा शहर को जाम मुक्त रखने के लिए सभी को प्रशासन का सहयोग करना होगा। विदित हो कि शहर को जाम मुक्त रखने एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत रौजा रोड में अतिरिक्त डिवाइडर का निर्माण कर वनवे किया गया है तथा कई सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। जिसका लाभ भी अब शहर वासियों को मिलने लगा है। वहीं डीएम ने शहर के मुख्य सड़क के चौड़ीकरण कार्य में भी तेजी लाने का संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है। जिससे जाम की समस्या का स्थाई समाधान किया जा सके।
