रिपोर्ट: Rohtas Darshan चुनाव डेस्क | सासाराम | Updated: 22 नवंबर 2025: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गीता घाट आश्रम सासाराम एवं इसके अध्यक्ष श्री महंत स्वामी कमलानंद जी महाराज के नेतृत्व में श्रीमद् भागवत कथा एवं गीता जयंती के पावन अवसर पर दिव्य एवं भव्य शोभा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। परंपरागत आध्यात्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण में आयोजित इस शोभायात्रा ने पूरे नगर में श्रद्धा और उत्सव का अभूतपूर्व वातावरण निर्मित कर दिया।

शोभायात्रा की शुरुआत गीता घाट आश्रम से हुई, जो गीता घाट कॉलोनी, फैजलगंज, काली स्थान मार्ग से होती हुई बेदा स्थित सूर्य मंदिर तक पहुंची, जहाँ जलभरी और विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत शोभायात्रा पुनः अपने प्रारंभिक स्थल गीता घाट आश्रम में लौटकर विधिवत रूप से सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान मार्ग में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और धार्मिक संस्थाओं ने गर्मजोशी से स्वागत कर भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा, गीता पर विशेष प्रवचन तथा गुरुदेव के ग्रंथों पर विस्तार से चर्चा का कार्यक्रम आरंभ हुआ, जो प्रतिदिन चलेगा। सुबह के सत्र में आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास भी आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से आध्यात्मिक साधना को जनकल्याण से जोड़ा गया है। कार्यक्रम में देशभर से संत महात्माओं, विद्वानों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो चुका है, जो इस सात्विक आयोजन का लाभ ले रहे हैं।

आयोजन समिति एवं संत समुदाय की ओर से समस्त धर्मप्रेमियों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक ज्ञान, साधना और सद्भावना से परिपूर्ण इस उत्सव का लाभ उठाएँ।

इस भव्य शोभायात्रा एवं उद्घाटन कार्यक्रम में स्वामी प्रेमानंद जी महाराज, हरिद्वार से पधारे स्वामी भगवाताचार्य जी, द्वारका से स्वामी अमरेंद्र आनंद जी, स्वामी भारतानंद जी, स्वामी अर्जुनानंद जी, विद्यासागर जी सहित अनेक प्रतिष्ठित संत जन उपस्थित रहे। इसके साथ ही आरएसएस से क्षितिज सिंह, विनीत कुमार राय, हिंदू जागरण मंच से जिला सह संयोजक कुमार श्वेतांशु, राकेश श्रीवास्तव, हरिओम जी, गोविंद जी, सूरज कुमार, राष्ट्र सेविका समिति से आरती केसरी, पूनम देवी, सोनी सिंह, दीपा गुप्ता, संगीता जी, रेखा देवी, शोभा देवी तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कर सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network