रिपोर्ट: Rohtas Darshan चुनाव डेस्क | नई दिल्ली/पटना। | Updated: 16 नवंबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा और जेडीयू के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 202 में सीटों पर कब्जा जमाकर सत्ता में प्रचंड वापसी की है। इस जीत ने उन तमाम राजनीतिक समीकरणों को उलट दिया, जिनमें यह दावा किया जा रहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दौर कमजोर पड़ चुका है। लेकिन चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया कि बिहार की राजनीति की नब्ज आज भी नीतीश कुमार के हाथों में मजबूती से है।

इसी बीच, भाजपा से अलग होकर टीएमसी में शामिल हुए दिग्गज नेता और आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का रुख भी तेजी से बदला हुआ नज़र आ रहा है। ‘शॉटगन’ के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने एनडीए और विशेष रूप से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोरदार प्रशंसा की है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है—क्या वे एक बार फिर भाजपा में ‘घर वापसी’ की तैयारी कर रहे हैं?

एनडीए की जीत पर शत्रुघ्न सिन्हा ने दी खुलकर बधाई

चुनाव परिणाम आने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा— “बधाई हो! बिहार के लोगों को उनकी पसंद की सरकार, जिसके लिए उन्होंने वोट दिया और सबसे सम्मानित, सज्जन राजनेता @NitishKumar के नेतृत्व के लिए… बिहार के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले, भरोसेमंद और सफल मुख्यमंत्री हैं। ईश्वर सबका भला करे। जय बिहार! जय हिंद!”

उनके इस संदेश ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। कभी भाजपा में सबसे शक्तिशाली चेहरे माने जाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा के इस बदले हुए तेवर को ‘पॉलिटिकल सिग्नल’ माना जा रहा है।

हाल के महीनों में बढ़ी भाजपा और PM मोदी की तारीफ

कुछ माह पहले भी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए लिखा था—

“एक बार के दोस्त, हमेशा दोस्त।” इसके साथ उन्होंने मोदी के साथ अपनी पुरानी तस्वीर भी पोस्ट की थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सिन्हा की इन लगातार सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से उनके रुख में बड़ा बदलाव दिख रहा है।

भाजपा से टीएमसी तक—शत्रुघ्न सिन्हा का राजनीतिक सफर

•             1980 में भाजपा से जुड़े

•             1990 और 1991 में नई दिल्ली से सांसद

•             अटल सरकार में मंत्री (2002–2004)

•             2009 और 2014 में पटना साहिब से भाजपा सांसद

•             2019 में टिकट कटने के बाद भाजपा से नाराज़गी

•             भाजपा छोड़कर टीएमसी में शामिल

•             2024 में आसनसोल से टीएमसी सांसद

लेकिन 2025 चुनाव के बाद उनका लगातार NDA की प्रशंसा करना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि वे अपनी राजनीतिक ‘होमग्राउंड’ यानी भाजपा में लौटने का रास्ता बना रहे हैं।

क्या होगा शत्रुघ्न सिन्हा का अगला कदम?

सूत्रों के अनुसार—

•             वे आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा निर्णय ले सकते हैं।

•             भाजपा भी पुराने नेताओं की वापसी पर विचार कर सकती है, खासकर बिहार में बढ़ती राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को देखते हुए।

•             नीतीश-भाजपा की दोबारा सशक्त वापसी से उनका मनोबल भी बढ़ा है।

हालांकि, शत्रुघ्न सिन्हा की ओर से अब तक भाजपा में वापसी पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन उनके हालिया वक्तव्य इस संभावना को और मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network