रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : डालमियानगर सोमवार को डेहरी पाली पुल के पास बुद्धा विहार होटल के समीप बालू लदे ओवरलोडेड ट्रक ने एक महिला को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना के बारे में बताया जाता है कि, महिला का नाम बिंदा देवी, पति विष्णु कुमार जो नोखा क्षेत्र की निवासी थी। जिनका उम्र लगभग 60 वर्ष था। वह अपने दामाद सुशील कुमार के साथ डेहरी डॉ उदय शंकर के यहां इलाज कराने मोटरसाइकिल से आई हुई थी। तभी तेज रफ्तार बालू लदे बिना नंबर के ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जिसपर स्थानीय लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए, खूब हल्ला हंगामा किया। इस घटना पर डेहरी विधायक फते बहादुर सिंह ने भी प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करते हुए, आक्रोश व्यक्त किया कि, यह घटना प्रशासन की घोर लापरवाही को साबित करता है। जब प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा इस जगह को नो एंट्री जोन बनाया गया है तो, किस प्रकार से बालू लदे बड़े वाहन इस समय यहां से गुजर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि, इस प्रकार के बड़े वाहन को शहर में सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक शक्ति से रोक लगाया जाए। साथ ही बालू लदे बड़े वाहन को बालू घाट में ही रोक दिया जाए और उन्हें रात्रि 9 बजे के बाद ही जाने की अनुमति दी जाए। जिससे जानमाल की क्षति न हो पाए। बताते चलें कि बालू लदे वाहनों से आए दिन शहर में कहीं न कहीं ऐसी घटनाएं घटित हो रही है। जिससे लोग मौत के गाल में समाते जा रहे हैं।
