सासाराम : ड्यूटी के गायब रहने वाले प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पर कार्रवाई होगी। इसके लिए प्रधान सचिव संजय कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र निर्गत किया है। पत्र के माध्यम से प्रधान सचिव ने कहा है कि प्रारंभिक विद्यालयों के निरीक्षण एवं अनुश्रवण का दायित्व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का है। लेकिन, प्राप्त सूचनानुसार वे अपने पदस्थापन मुख्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते है, फलस्वरूप विद्यालयों का निरीक्षण एवं अनुश्रवण कार्य प्रभावित होता है। इसलिए इस संदर्भ में लगातार निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के क्रम में यदि अकारण कोई प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अपने मुख्यालय से अनुपस्थित पाए जाते है तो उनके विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की जाए। इस संबंध में जिलाधिकारी बताया कि प्रधान सचिव के निर्देश के अलोक में अपने पदस्थापन मुख्यालय से गायब रहने वाले प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाऐगी।