जख्मियो का संदेश रेफरल अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
पुलिस ने शवो का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
संदेश थाना एवं अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम घटी घटना
आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 28 जून 2022 : आरा। भोजपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठनका गिरने से मछुआरे समेत दो की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पहली घटना संदेश थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव की है। जहां मंगलवार की शाम ठनका गिरने से अरवल निवासी मछुआरे की मौत हो गई। जबकि उसके साथ रहे उसी के गांव के दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मियो को इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल लाया जाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। जानकारी के अनुसार मृतक अरवल जिले के अरवल थाना क्षेत्र के मल्हीपट्टी गांव निवासी स्व.राम गोविंद चौधरी का एक 31 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कुमार है। वह पेशे से मछुआरा था। जबकि जखनियां में मृतक के गांव के ही निवासी बद्री चौधरी एवं रामजी चौधरी शामिल है। इधर मृतक के भतीजे गौरी शंकर कुमार ने बताया कि नदी में पानी कम होने के कारण वह बराबर मछली मारने के लिए अरवल से रेपुरा गांव आते थे। आज सुबह वह गांव के ही छह लोगों के साथ मछली मारने के लिए रेपुरा गांव आये थे। मछली मारने के बाद तीन लोग वापस गांव चले गए। जबकि वह अपने गांव के दो लोग साथ शाम वापस घर लौट रहे थे। उसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई। जैसे ही वह तीनो रेपुरा गांव स्थित बगीचे के पास पहुंचे। तभी अचानक तीनों ठनका गिर पड़ा। जिससे उसके चाचा वीरेंद्र कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ रहे बद्री चौधरी एवं रामजी चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दूसरी घटना अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के बघऊड़ नारायणपुर गांव की है। जहां मंगलवार की शाम ठनका गिरने से शौच करने गए एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। जानकारी के अनुसार मृतक अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के बघुऊ नारायणपुर गांव निवासी बिगन पासवान के 50 वर्षीय पुत्र हरेन्द्र पासवान है। बताया जाता है कि मंगलवार की शाम हरेन्द्र पासवान शौच करने के लिए गांव के बधार में गए थे। जहां अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। उसी दौरान अचानक ठनका उन पर गिर पड़ा। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक विरेन्द्र कुमार अपने चार भाई व दो बहन में तीसरे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां शांति देवी,पत्नी निशु देवी एवं एक पुत्री श्रेया कुमारी है। घटना के बाद मृतकों के घर में हाहाकार मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतकों के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।