आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 22 जनवरी 2022 : सासाराम। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से शनिवार को स्थानीय प्रखंड मुख्यालय पर नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जहां कुल 42 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल एवं बैसाखी बांटे गए। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी रोजी रानी ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं के माध्यम से दिव्यांग जनों के बीच कुल 42 सहायक उपकरण दिए गए हैं। जिसमें 17 ट्राईसाईकिल, 20 व्हीलचेयर एवं 5 बैसाखी शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन अपने हितलाभ से वंचित न रहें तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण संबंधित योजनाओं का लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। ताकि अधिक से अधिक संख्या में दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ उठा सकें। सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों के जीवन में एक नई उर्जा का संचार होगा जिससे उनके श्रम और समय दोनों की बचत होगी।
