आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 18 जनवरी 2022 : सासाराम। सदर एसडीओ मनोज कुमार के निर्देश पर सासाराम अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा राशन कार्ड में कुल 4533 मृत व विवाहित सदस्यों का सत्यापन करते हुए उक्त सदस्यों का नाम राशन कार्ड से विलोपित कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सासाराम प्रखंड से 1183, शिवसागर प्रखंड से 698, चेनारी प्रखंड से 565, करगहर प्रखंड से 611, कोचस प्रखंड से 572 एवं नोखा प्रखंड से 904 सदस्यों का नाम राशन कार्ड से हटाया गया है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि राशन कार्ड में अंकित अपात्र सदस्यों का नाम प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के सत्यापन के पश्चात विलोपित किया जा रहा है। उन्होंने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राशन कार्ड धारी के मृत व विवाहित सदस्यों के नाम पर किसी भी परिस्थिति में राशन नहीं दिया जाएगा तथा शीघ्र ही सभी जन वितरण विक्रेताओं को अपात्र सदस्यों की सूची उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के वैसे योग्य लाभुक जिनका राशन कार्ड नहीं बना है अथवा कार्ड में नाम दर्ज नहीं है उनके राशन कार्ड बनाने एवं नाम दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।