रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 03 नवम्बर 2021 : डेहरी ऑन सोन। दरीहट थाना क्षेत्र के दरीहट में अपराधियों ने धनतेरस की रात आभूषण व्यवसायी पिता और पुत्र को गोली मार दी। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दरीहट निवासी राजकुमार सोनी एवं उनके पुत्र मिथिलेश कुमार सोनी मंगलवार की देर रात दरीहट बाजार से आभूषण व बर्तन की दुकान बंद कर दोनों अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए लगभग चार, पांच की संख्या में अपराधियों ने व्यवसायी को लूटने का प्रयास किया। जिसका विरोध करने पर पिता के पेट में और पुत्र के जांघ में गोली मार आभूषण व नकदी लूट कर फरार हो गए। दरीहट थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायल पिता पुत्र को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल भिजवाया। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने राजकुमार सोनी को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा है।

थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घायल राजकुमार सोनी के पेट में गोली लगी है। वहीं, उनके पुत्र मिथिलेश कुमार सोनी को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घटनास्थल से छह गोली के खोखे बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों की स्थिति अभी गंभीर है। इसलिए घायलों का बयान दर्ज नहीं किया गया। लूट की राशि का अभी पता नहीं चल सका है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

रोहतास एसपी आशीष भारती ने बताया कि जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की जायेगी। अपराधी किसी भी हालत में बक्से नहीं जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network