रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 28 सितम्बर 2021 : नयी दिल्ली। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भाकपा नेता कन्हैया कुमार और गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी ने  आज कांग्रेस का दामन थाम लिया है।  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने उन्हें खुद पार्टी की सदस्यता दिलाई। कन्हैया ने कहा कि हम देश की सबसे पुरानी पार्टी, सबसे लोकतांत्रिक पार्टी में इसलिए शामिल हो रहे हैं क्योंकि इस देश के लाखों-करोड़ों लोगों को लगने लगा है कि कांग्रेस नहीं बची तो देश नहीं बचेगा।कांग्रेस पार्टी वो पार्टी है जो गांधी की विरासत को आगे ले जाएगी, जो सरोजिनी नायडू, आंबेडकर, नेहरू, अशफाक उल्लाह खान, भगत सिंह और मौलाना आजाद के रास्तों पर चलेगी। हम जब भी समानता और बराबरी की बात करते हैं, यह कुछ व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, ये भारतीय होने का इतिहास है और इस भारतीय होने के इतिहास को अगर कोई अपने आप में समेटे हुए है तो वह देश की सबसे पुरानी पार्टी है।जो लोग कह रहे हैं- विपक्ष कमजोर हो गया है। यह सिर्फ विपक्ष की चिंता की बात नहीं है। यह मैं नहीं कह रहा हूं- कोई शास्त्र, कोई किताब उठाकर देख लीजिए, जब विपक्ष कमजोर हो जाता है तो सत्ता तानाशाही रुख अख्तियार कर लेती है। यह बात सीधे तौर  कर रहा हूं कि लोकसभा में 545 में से 200 लगभग ऐसी सीटें हैं जहां बीजेपी के सामने कांग्रेस के अलावा कोई विकल्प नहीं है। अगर सबसे बड़ी पार्टी को नहीं बचाया गया, अगर बड़े जहाज को नहीं बचाया गया तो छोटी-छोटी कस्तियां भी नहीं बचेंगी।जिस पार्टी में मैं पला-बढ़ा, उसका आभार प्रकट करता हूं। उसने मुझे सिखाया, पढ़ाया, लड़ने का जज्बा दिया।देश में जो वैचारिक संघर्ष छिड़ा है, उसे कांग्रेस पार्टी ही नेतृत्व दे सकती है। युवाओं से कहना चाहता हूं कि दीवार पर बैठकर टुकुर-टुकुर ताकने का वक्त नहीं है। कांग्रेस पार्टी एक बड़ा जहाज है, अगर कांग्रेस पार्टी बचेगी तो लाखों-करोड़ों युवाओं का आकांक्षाएं बचेंगी, भगत सिंह का भारत बचेगा। इसी आशा और उम्मीद के साथ इस पार्टी से जुड़ा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network