रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 16 जुलाई 2021 : दिनारा : शुक्रवार को सूर्यदेव की तपिश सुबह से ही तेज होने लगी, इस दौरान हवा थमने से वातावरण में उमस भी व्याप्त हो गई। इससे तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई। चिपचिपाती तपिश भरी गर्मी से लोगों का जीना दुश्वार हो गया, दोपहर से शाम के मध्य अधिकतर लोग घरों में ही रहे। सार्वजनिक स्थानों तथा बाजारों में भी सन्नाटा सा छाया रहा। मौसम की मार से सभी आहत हैं, हाल-फिलहाल राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। बीते दो दिन से भीषण तपिश और उमस का मौसम होने से जनजीवन खासा परेशान है।
चार दिन पूर्व आंधी और पानी से तापमान में गिरावट होने से लोगों ने खासी राहत महसूस की थी लेकिन फिर से तापमान में निरंतर बढ़ोत्तरी होने से भीषण तपिश के साथ उमस जीना दुश्वार बना हुआ है। इन दिनों शीतल पेय पदार्थों की खासी बिक्री हो रही है। बाजारों में सुबह और शाम को ही चहल-पहल नजर आ रही है। दोपहर से शाम के मध्य तो सड़कों पर भी आवागमन थम सा जाता है। विवशता के तहत आवागमन करने वाले पसीने से तरबतर नजर आए। बस स्टैंड पर प्रतीक्षारत यात्रियों का बुरा हाल था।
