
रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 02 जून 2021 : सासाराम। राज्य सरकार द्वारा लगाए गए चौथे लॉकडाउन के दिशा निर्देशों का अनुपालन रोहतास पुलिस द्वारा सख्ती से कराया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रोहतास द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सासाराम, अनुमंडल दंडाधिकारी सासाराम एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं बल के साथ सासाराम शहर में फ्लैग मार्च किया गया तथा वाहन चेकिंग एवं मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया।

जांच क्रम में पाया गया कि शहर के गौरक्षणी स्थित वी मार्ट द्वारा आधा शटर गिरा कर नियमों के विपरीत आज दुकान खोल कर बिक्री किया जा रहा है। जिसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए मॉल को अगले 48 घंटों के लिए सील कर दिया गया। एसपी आशीष भारती में आम लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि अपने आप की तथा अपने परिवार की सुरक्षा हेतु कोरोना से बचाव हेतु दिए गए दिशानिर्देशों तथा लाकडाउन नियमों का सख्ती से पालन करें। मास्क तथा सैनिटाइजर का प्रयोग करें। भीड़ भाड़ में ना जाएं। 2 गज की दूरी का अनुपालन करें। वहीं सभी व्यवसायिओं से भी अनुरोध करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि को निर्धारित समयावधि तक ही दुकान को खोलें। सभी के सहयोग से कोरोना हारेगा रोहतास जीतेगा।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, एएसपी अरविंद प्रताप सिंह, नगर थाना अध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
