लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के तहत तीन दिवसीय यात्रा पर आए आईजी ने प्रेस को किया संबोधित

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 05 दिसंबर 2021 : सासाराम। सकारात्मक ऊर्जा अगर सही दिशा में लगाई जाए तो बड़े से बड़े लक्ष्य को भी आसानी से हासिल किया जा सकता है। अगर हम अपने आसपास की चुनौतियों से भागने की बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ उसका सामना करें तो एक दिन हम अवश्य सफल होंगे तथा यही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उक्त बातें पुलिस महानिरीक्षक सह बिहार सरकार के विशेष सचिव विकास वैभव ने लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के तहत रोहतास जिले के तीन दिवसीय यात्रा के दौरान शनिवार को स्थानीय परिसदन में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज हम सभी के सकारात्मक प्रयास का हीं नतीजा है कि जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कल तक जहां दिन के उजाले में भी लोग जाने से कतराते थे वहां आज रात्रि में भी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं तथा दशकों से उपेक्षित पहाड़ी गांव के लोगों को भी विकास योजनाओं का लाभ एवं अन्य सुविधाएं मिल रही हैं। सोलर लाइट, नल जल, विद्यालय, पुस्तकालय सहित स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हो रही है। विकास वैभव ने कहा कि हमें चिंता नहीं बल्कि चिंतन करना चाहिए तथा अपनी सभ्यता एवं संस्कृति को बचाए रखने के लिए अपने पूर्वजों के त्याग और समर्पण से सीख लेनी चाहिए। दरअसल हमें विषम परिस्थितियों में भी पूर्वजों के संघर्ष का सम्मान करते हुए अपनी संस्कृति से जुड़े रहना होगा तभी इस क्षेत्र के विकास के साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि जिले का एक अपना स्वर्णिम इतिहास रहा है तथा यहां पर्यटन की भी असीम संभावनाएं हैं जिसके लिए सभी को मिलकर सतत प्रयास करना चाहिए। ताकि अपनी संस्कृति एवं इतिहास को उचित सम्मान व पहचान दिलाई जा सके। प्रेस वार्ता के दौरान समाजसेवी रामअवतार राय, मुन्ना राय, सुनील राय, पूर्व विधायक वशिष्ठ सिंह, पूर्व जिप अध्यक्ष प्रमिला सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

https://youtu.be/FU7h7zL-wPM
https://youtu.be/5txTtsH-EfY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network