रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 09 जुलाई 2021 : सासाराम। जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने शुक्रवार को 10 बजे अपराह्न में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19, मुख्यमंत्री जनता दरबार कार्यक्रम सहित विभिन्न विषयों पर जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक सोमवार को माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रत्यक्ष रूप से पटना में लोगो कि समस्याएं सुनेंगे तथा उसका त्वरित निराकरण किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देकर मुख्यमंत्री से सीधा संवाद कर सकते हैं।
समीक्षा बैठक के संदर्भ में जानकारी देते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी प्रवीण चंदन ने बताया कि डीएम ने कोविड के तीसरे चरण की तैयारियों को लेकर सभी शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों को टीकाकृत करने हेतु सभी नगर निकायों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा चिकित्सा पदाधिकारियों को भी निर्देशित किया है। डीएम ने कहा है कि टीकाकरण में सामने आ रही कठिनाइयों का त्वरित निष्पादन करते हुए अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के प्रति लगातार जागरूक करते रहे। जिससे टीकाकरण के लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल किया जा सके।
इस संदर्भ में सिविल सर्जन को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जिलांतर्गत सभी अस्पतालों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता जल्द से जल्द सुनिश्चित करें। वहीं अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए धर्मेंद्र कुमार ने जिला अंतर्गत सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में जलजमाव सहित अन्य समस्याओं के त्वरित निदान हेतु निर्देशित किया। विदित हो कि जिले में शिक्षक नियोजन का कार्य भी चल रहा है। जिसके तहत आगामी 12 जुलाई को 11.30 अपराह्न से पंचायत पर नियोजन इकाई के माध्यम से शिक्षकों के नियोजन की प्रक्रिया की जानी है तथा पूरी प्रक्रिया का आवश्यक रूप से माइकिंग तथा वीडियोग्राफी की जानी है। जिसके आलोक में विधि व्यवस्था संधारण हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारीयों को जिलाधिकारी ने कई आवश्यक निर्देश दिए।
मौके पर उपविकास आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ सुधीर कुमार, डीपीआरओ प्रवीण चंदन सहित कोविड 19 अंतर्गत गठित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों के साथ प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
