रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 10 मई 2021 : दरियापुर। डेरनी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में रिश्तेदार के घर शादी में आए एक युवक की कुआं में डूबने से मौत हो गयी। मृतक दिघवारा थाना क्षेत्र के वार्ड 17 बसतपुर निवासी चन्देश्वर साह का 25 वर्षीय पुत्र रणधीर कुमार बताया जाता है।घटना को लेकर परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त युवक शनिवार को अपनी पत्नी के फूफा धनौती निवासी लक्ष्मण साह के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था।जहाँ आधी रात से अचानक गायब हो गया। इसके परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बावजूद जानकारी नही मिलने पर पुलिस को भी सूचना दी गयी थी। पुलिस जांच पड़ताल कर ही रही थी।इसी बीच सोमवार को पगडंडी से जाने के दौरान कुछ ग्रामीणों की कुआं में तैरते शव पर नजर पड़ी।जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।जिसकी जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास अपने पूरे दल बल के साथ आनन फानन में मौके पर पहुंच कर भीड़ को हटाकर छानबीन शुरू कर दिए। इसके साथ ही गहरा और काफी पुराना कुआं होने के कारण शव को निकालने के लिए अनुभवी तैराक को बुलाया जा रहा था। वही घटना के उपरांत पत्नी अनिता देवी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक को एक डेढ़ साल की पुत्री प्रिया कुमारी है। वहीं वह तीन भाइयों में दूसरे था जो कि हिमाचल प्रदेश में छोटा होटल का व्यवसाय करता था। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया डूबने से ही मौत प्रतीत हो रहा है। वैसे पोस्टमार्टम के उपरांत ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।


