देश के नाम को आपलोग बदल दीजिएगा? अभी जो लोग बोल रहे हैं उनका जन्म भी आजादी की लड़ाई के समय नहीं हुआ था।

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 16 मई 2023 : पटना। बागेश्वर धाम के बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यहां कहा कि आजादी की लड़ाई कौन लोग लड़े थे। आजादी मिलने के बाद सभी की सहमति से देश का संविधान बना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी समेत सभी लोगों ने नामकरण किया। उसे सबों को स्वीकार करना चाहिए, उसको बदलना नहीं चाहिए। आजकल यह सब देखकर मुझे आश्चर्य होता है। दिल्ली वाले देश भर की मीडिया पर कब्जा किये हुए हैं, इस कारण इन सब चीजों का प्रचार होता है। देश के नाम को आपलोग बदल दीजिएगा?

अभी जो लोग बोल रहे हैं उनका जन्म भी आजादी की लड़ाई के समय नहीं हुआ था। हमलोगों का भी जन्म आजादी मिलने के बाद हुआ है। हमारे पिताजी आजादी की लड़ाई में बहुत सक्रिय थे। उन्होंने एक-एक चीज हमें बचपन में ही बतायी थी। हमलोग राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और उनके साथ काम करने वाले सभी लोगों को मानते हैं। उसी के आधार पर हमलोग विकास का काम कर रहे हैं। आप किसी भी धर्म को मानिए और अपने ढंग से उसे कीजिए। इसमें कोई रुकावट नहीं है। राम हों या कृष्ण हों, जिनको मानना है, वे मानें, इस पर कोई हस्तक्षेप नहीं है। किसी भी धर्म को मानना है, वे मानें इस देश में सात धर्म हैं। पारसी धर्म को मानने वाले कम लोग हैं। हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई धर्म, बौद्ध, जैन को मानने वाले लोग देश में हैं। भगवान बुद्ध को बिहार में ज्ञान प्राप्त हुआ। कई धर्मों के मानने वाले लोग बिहार आते हैं। देश के बाहर से भी लोग बिहार आते हैं। हमलोग सभी लोगों के हित में काम करते हैं। मंदिर हो या मस्जिद, किसी को कोई असुविधा न हो, इसका ख्याल रखा जाता है। आपस में किसी तरह का कोई विवाद नहीं होना चाहिये। सभी को अपने ढंग से पूजा करने एवं काम करने का अधिकार है, इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है। सभी धर्मों के माननेवालों को इसकी इजाजत है। किसी को भी इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहिये। कोई कुछ बोल रहा है तो अपनी मर्जी से बोल रहा है। उसका कोई वैल्यू नहीं है। देश के संविधान को सभी लोगों को समझना चाहिये। अगर देश के संविधान का कोई उल्लंघन कर रहा है तो मीडिया को उसे देखना चाहिये। मीडिया के लोग अगर लिखेंगे कि संविधान का उल्लंघन हो रहा है तो सभी को अच्छा लगेगा किंतु आपलोगों की भी मजबूरी है, आप लोग क्या कीजियेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network